जनपद गाजियाबाद में 24 एवं 25 अक्टूबर को फॉर्म-6 भरवाने हेतु विशेष अभियान
प्रेस विज्ञप्ति
जनपद गाजियाबाद में 24 एवं 25 अक्टूबर को फॉर्म-6 भरवाने हेतु विशेष अभियान का होगा आयोजन
पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु अभियान में सहभागिता की अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद की समस्त विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित कराने हेतु फॉर्म-6 भरवाने के लिए विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO), सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारी (BLO) की सहभागिता से पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जाएगी तथा फॉर्म-6 भरने में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से ऐसे युवा एवं महिला नागरिक, जो मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की पात्रता रखते हैं, अभियान के दौरान संबंधित बूथ पर पहुंचकर पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन द्वारा समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के प्रभावी संचालन तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
जिला प्रशासन, गाजियाबाद की जनपदवासियों से अपील है कि वे 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित विशेष अभियान के दौरान अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त करें तथा पात्र होने पर फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला निर्वाचन कार्यालय, गाजियाबाद