घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान – 26.अक्टूबर.2026

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार दिनांक 26 अक्टूबर, 2026 को जनपद गाजियाबाद में विशेष मतदाता सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO), सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारी (BLO) क्षेत्र भ्रमण कर घर-घर संपर्क करेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पात्र नागरिकों द्वारा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु फॉर्म-6, नाम विलोपन हेतु फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में विवरण संशोधन हेतु फॉर्म-8 भरने की कार्रवाई पूर्ण की जाए। साथ ही, सभी बीएलओ को अपने रजिस्टर एवं निर्वाचन संबंधी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं।

घर बैठे ऑनलाइन करें मतदाता पंजीकरण

नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कर सकते हैं।

ऑनलाइन फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया:

1. पोर्टल खोलें: https://voters.eci.gov.in/ पर जाएँ तथा मोबाइल नंबर अथवा उपलब्ध लॉगिन विकल्प से पंजीकरण/लॉगिन करें।
2. फॉर्म-6 चुनें: पहली बार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए Form 6 (New Voter Registration) का चयन करें।
3. विवरण भरें: अपना नाम, जन्मतिथि, लिंग, माता-पिता/पति-पत्नी का विवरण, पूरा पता एवं संबंधित विधानसभा क्षेत्र की जानकारी सही-सही भरें।
4. दस्तावेज अपलोड करें: पासपोर्ट आकार का फोटो तथा आवश्यक आयु एवं निवास संबंधी दस्तावेज अपलोड करें। आवश्यक दस्तावेजों में उपलब्धतानुसार जन्म प्रमाण-पत्र, कक्षा 10 की अंकतालिका, बिजली बिल, बैंक पासबुक अथवा अन्य स्वीकार्य दस्तावेज शामिल हो सकते हैं।
5. आवेदन जमा करें: सभी विवरण जाँचने के बाद फॉर्म सबमिट करें और प्राप्त Reference Number सुरक्षित रखें।
6. आवेदन की स्थिति देखें: पोर्टल पर Track Application Status विकल्प के माध्यम से Reference Number डालकर आवेदन की स्थिति देखें। सत्यापन एवं स्वीकृति के बाद नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाता है।

मतदाता सूची में नाम कैसे खोजें?

मतदाता अपना नाम https://electoralsearch.eci.gov.in/ पर जाकर खोज सकते हैं। इसके लिए EPIC यानी वोटर आईडी नंबर, व्यक्तिगत विवरण अथवा पंजीकृत मोबाइल नंबर का विकल्प चुनकर आवश्यक जानकारी भरें और सर्च करें। नाम मिलने पर EPIC नंबर, विधानसभा क्षेत्र एवं मतदान केंद्र से संबंधित उपलब्ध विवरण देखा जा सकता है।

आवेदन स्वीकृत होने तथा ई-ईपीआईसी जारी होने के बाद https://voters.eci.gov.in/ पर लॉगिन करके E-EPIC Download विकल्प से डिजिटल मतदाता पहचान-पत्र डाउनलोड किया जा सकता है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जाँचें। नाम दर्ज न होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरें तथा अन्य आवश्यक संशोधन या विलोपन के लिए संबंधित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें। आवश्यकता होने पर अपने क्षेत्र के बीएलओ से सहायता प्राप्त करें।

जिला प्रशासन, गाजियाबाद का संकल्प: कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं।

 

कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी, गाजियाबाद
दिनांक: 25 अक्टूबर, 2026

26.oct.2026 26.oct.2026 26.oct.2026 26.oct.2026
26.oct.2026 26.oct.2026 26.oct.2026 26.oct.2026
26.oct.2026 26.oct.2026